पहलगाम हमले की जांच में सहयोग को तैयार, लेकिन पानी रोका तो देंगे करारा जवाब’… पाक पीएम शहबाज शरीफ की धमकी

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। इस बीच पाकिस्तान की तरफ से भड़काऊ गतिविधियाँ जारी हैं। ताजा घटनाक्रम में पाकिस्तानी सेना ने सीमा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए भारतीय चौकियों पर फायरिंग की। भारतीय सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की गीदड़भभकी
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शनिवार को सेना के एक कार्यक्रम में भारत को धमकी भरे अंदाज में संबोधित किया। शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान, भारत में पर्यटकों पर हुए हमले की किसी भी निष्पक्ष जांच में शामिल होने के लिए तैयार है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि शांति की उनकी चाहत को भारत कमजोरी न समझे। शरीफ ने सिंधु जल समझौते के उल्लंघन पर भी भारत को कड़ी प्रतिक्रिया देने की चेतावनी दी।
पाकिस्तानी रक्षा मंत्री का भी बयान
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में पहलगाम हमले की अंतर्राष्ट्रीय जांच की मांग की। आसिफ ने कहा कि पाकिस्तान किसी भी स्वतंत्र जांच में पूरा सहयोग देने के लिए तैयार है। उन्होंने भारत पर आरोप लगाया कि वह बिना सबूत पाकिस्तान को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर माहौल बिगाड़ रहा है।
भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर हालात फिलहाल तनावपूर्ण बने हुए हैं। भारतीय सेना ने भी अपनी तैयारियों को और मजबूत कर दिया है।
