Breaking NewsJammu & KashmirPoliticsSocial MediaUttar Pradesh

नेहा सिंह राठौर पर लखनऊ में FIR, सरकार पर गंभीर आरोप; लोकतंत्र और सवाल पूछने के अधिकार पर उठाए सवाल

लोकगायिका नेहा सिंह राठौर के खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता 2023 की 10 धाराओं और आईटी एक्ट (संशोधित) की 1 धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह शिकायत लखनऊ निवासी अभय सिंह ने दर्ज कराई। आरोप है कि नेहा सिंह ने सोशल मीडिया पर ऐसी सामग्री साझा की, जिससे शांति भंग होने की आशंका और सांप्रदायिक तनाव फैलने का खतरा था।

एफआईआर दर्ज होने के बाद नेहा सिंह राठौर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दो प्रमुख प्रतिक्रियाएं दीं। पहली पोस्ट में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का तंज भरे अंदाज में शुक्रिया अदा किया। दूसरी पोस्ट में नेहा ने खुलासा किया कि उनके बैंक खाते में सिर्फ 519 रुपये बचे हैं और उन्हें वकील की जरूरत है।

सोमवार, 28 अप्रैल को नेहा ने एक वीडियो जारी करते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले से जनता का ध्यान भटकाने के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “पहलगाम हमले के जवाब में अब तक सरकार ने क्या किया है? मेरे ऊपर एफआईआर? अरे दम है तो जाइए… आतंकवादियों के सिर लेकर आइए! सरकार मेरे ऊपर एफआईआर करवाकर असली मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है।”

करीब 1 मिनट 24 सेकंड के इस वीडियो में नेहा ने खुलकर कहा कि प्रधानमंत्री भगवान नहीं हैं और भाजपा देश नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता को सवाल पूछने का अधिकार है और यदि सरकार को सवालों से परेशानी है तो उसे सत्ता छोड़ देनी चाहिए।

नेहा ने आगे आरोप लगाया कि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए आलोचकों पर एफआईआर दर्ज करवा रही है, नौकरी से निकाल रही है, अपमानित कर रही है और गालियां दिलवा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर यही राजनीति है, तो फिर तानाशाही किसे कहते हैं?

नेहा ने अपनी बात में जोर देकर कहा कि जैसे लोकतंत्र में एक-एक वोट की अहमियत होती है, वैसे ही सवाल पूछना भी लोकतंत्र की बुनियादी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सरकार आलोचना का सामना करने के बजाय दमन के रास्ते पर चल रही है, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है।

इस घटनाक्रम के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को देवरिया जिले का दौरा करेंगे, जहां वे करोड़ों रुपये की लागत वाली 160 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसमें सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button