जालना बस स्टैंड रोड स्थित न्यू मुंबई वड़ापाव होटल में देह व्यापार का भंडाफोड़; 6 पुरुष आरोपी गिरफ्तार, 3 महिलाओं को कराया मुक्त
अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक कक्ष की कार्रवाई; होटल मालिक फरार, ₹95,410 का मुद्देमाल जब्त

जालना/कादरी हुसैन
शहर के बस स्टैंड रोड स्थित न्यू मुंबई वड़ापाव होटल में चल रहे कथित देह व्यापार के अड्डे पर अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक कक्ष की टीम ने छापा मारकर छह पुरुष आरोपियों को हिरासत में लिया तथा तीन पीड़ित महिलाओं को मुक्त कराया। इस कार्रवाई में होटल मालिक फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹2,410 नकद और करीब ₹93,000 कीमत के मोबाइल फोन, कुल ₹95,410 का मुद्देमाल जब्त किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक कक्ष को गुप्त मुखबिर के माध्यम से पुख्ता जानकारी मिली थी कि बस स्टैंड रोड स्थित न्यू मुंबई वड़ापाव होटल का मालिक अपने आर्थिक फायदे के लिए बाहर से महिलाओं को बुलाकर होटल में उनसे देह व्यापार करवा रहा है।
इस सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक से चर्चा कर उनके मार्गदर्शन में अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक कक्ष के प्रभारी अधिकारी एवं कर्मचारियों ने संबंधित होटल पर छापा मारा। इस दौरान होटल मालिक शेख शाहिद शेख चांद फरार हो गया, जबकि अन्य पांच पुरुष आरोपियों के साथ तीन पीड़ित महिलाएं मौके पर मिलीं।
पुलिस ने जिन आरोपियों को हिरासत में लिया, उनमें शेख कैसर शेख कमरोद्दीन (उम्र 35 वर्ष, निवासी शास्त्री मोहल्ला, पुराना जालना), आशीष किशन बावरीया (उम्र 31 वर्ष, निवासी ओम शांति गली, संभाजीनगर, जालना), पुरुषोत्तम नानाभाऊ आडाणी (उम्र 44 वर्ष, निवासी सुवर्णकार नगर, रामनगर, जालना), प्रेम शिवहरी सानप (उम्र 23 वर्ष, निवासी शंकर नगर, तेली मामा गली, जालना) तथा बजरंग तात्या शिवरकर (उम्र 27 वर्ष, निवासी लहुजी नगर, चंदनझिरा, जालना) का समावेश है।
इस मामले में सदर बाजार पुलिस थाने में अनैतिक देह व्यापार प्रतिबंधक अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह शिकायत अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक कक्ष की प्रभारी अधिकारी पुलिस उपनिरीक्षक दीपाली शिंदे ने दर्ज कराई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक तेघबीर सिंह संधू, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम साळी तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी जालना अनंत कुलकर्णी के मार्गदर्शन में अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक कक्ष के प्रभारी अधिकारी पुलिस निरीक्षक सोमनाथ शिंदे, पुलिस उपनिरीक्षक दीपाली शिंदे, ग्रेड पुलिस उपनिरीक्षक रवि जोशी, ग्रेड पुलिस उपनिरीक्षक संजय गवळी, महिला पुलिस कर्मचारी पुष्पा खरटमल, घनघाव तथा चालक पुलिस कर्मचारी संजय कुलकर्णी ने की।
