औरंगाबाद में दिल दहला देने वाली घटना! पिता ने ही अपने दो मासूम बेटों को जयकवाड़ी बांध में फेंका

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
जिले के पैठण तालुका के नांदर गांव में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चॉकलेट और वड़ापाव खिलाने का लालच देकर घूमने ले जाने वाले पिता पर अपने ही दो मासूम बेटों को जयकवाड़ी बांध के पानी में फेंकने का गंभीर आरोप है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पानी में फेंके गए दोनों बच्चों की पहचान श्याम (5 वर्ष) और आर्यन (6 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब सात बजे यह घटना हुई। बच्चों को पानी में फेंकते हुए देखकर प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोपी पिता को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उसने लोगों पर पत्थरबाजी कर वहां से भागने का प्रयास किया।
घटना की जानकारी मिलते ही पैठण पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी पिता सोमनाथ रोडे को हिरासत में ले लिया। पुलिस की पूछताछ में उसने दोनों बच्चों को पानी में फेंकने की बात कबूल की है।
उधर, पानी में लापता दोनों मासूम बच्चों की तलाश के लिए पुलिस और परिजनों की ओर से खोज अभियान शुरू किया गया है। आखिर एक पिता ने अपने ही मासूम बच्चों के साथ इतनी क्रूरता क्यों की, इसका वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। अपने ही बच्चों के साथ जन्मदाता पिता द्वारा किए गए इस कथित क्रूर कृत्य ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।