गैलेक्सी स्पा की आड़ में चल रहा सेक्स रैकेट बेनकाब, छह कॉलगर्ल और दो युवक गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में इज्जतनगर पुलिस ने कर्मचारीनगर स्थित गैलेक्सी स्पा पर छापेमारी कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से झारखंड, दिल्ली, सहारनपुर और मुरादाबाद सहित विभिन्न राज्यों की छह कॉलगर्ल और दो युवकों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
छापेमारी के दौरान अश्लील सामग्री और नकदी बरामद
रविवार दोपहर करीब 12 बजे सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव और इज्जतनगर थानाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह ने पुलिस टीम के साथ कर्मचारीनगर चौराहे के पास एक मकान में स्थित गैलेक्सी स्पा में छापा मारा। यहां स्पा की आड़ में देह व्यापार का गोरखधंधा चल रहा था। तलाशी के दौरान अश्लील सामग्री, कुछ दवाएं, करीब 13,500 रुपये नकद और 10 मोबाइल बरामद हुए।
स्पा संचालिका फरार, तलाश में जुटी पुलिस
गिरफ्तार युवकों की पहचान भोजीपुरा निवासी सचिन कुमार और नवदिया सिंघाई निवासी किशन कुमार के रूप में हुई है। वहीं, कॉलगर्ल झारखंड के दुमका, दिल्ली के शास्त्री पार्क, मुरादाबाद, सहारनपुर और बरेली की रहने वाली हैं। इस रैकेट की मुख्य सरगना झारखंड निवासी महिला बताई जा रही है, जिसने मुरादाबाद के कटघर क्षेत्र में ठिकाना बना रखा था और स्पा के लिए मकान किराये पर लिया था। स्पा संचालिका महिला मौके से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
स्पा के नाम पर चल रहा था बाकायदा रेट तय करने का सिस्टम
तीन मंजिला मकान में बने अलग-अलग कमरों में कॉलगर्ल को ठहराया गया था। ग्राहक स्पा के नाम पर पहुंचते थे, जहां पहले रेट तय होते और फिर अंदर कमरों में ले जाया जाता था। कुछ नियमित ग्राहक मोबाइल पर संपर्क करके भी पहुंचते थे। पुलिस को कॉलगर्ल के मोबाइल से कई ग्राहकों के नंबर भी मिले हैं।
पुलिस ने स्पा सील कर शुरू की जांच
सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और फरार स्पा संचालिका को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्पा को ताला लगाकर सील कर दिया गया है।
