Breaking NewsMaharashtraPolitics

राज ठाकरे का BJP पर हमला: “पवार-ठाकरे ब्रांड खत्म करने की साजिश, लेकिन ऐसा नहीं होगा”

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने आजतक के एक कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी राज्य में पवार और ठाकरे ब्रांड को खत्म करने की कोशिश कर रही है, लेकिन यह कभी सफल नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “इसमें कोई विवाद नहीं है कि वे ऐसा कर रहे हैं, लेकिन पवार और ठाकरे ब्रांड खत्म नहीं होगा।”

भ्रष्ट नेताओं को सरकार में शामिल करने पर सवाल

राज ठाकरे ने महाराष्ट्र सरकार में शामिल दागी और भ्रष्ट नेताओं पर बीजेपी को घेरते हुए एक वायरल तस्वीर का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “मैंने एक फोटो देखी जिसमें मुख्यमंत्री फडणवीस, अजित पवार, सुनील तटकरे, अशोक चव्हाण, नारायण राणे और छगन भुजबल एक साथ बैठे थे। उस तस्वीर को देखकर सोचा कि बीजेपी कार्यकर्ता क्या सोच रहे होंगे? जिन लोगों के खिलाफ उन्होंने संघर्ष किया, आज वही लोग सरकार में बैठे हैं।”

अंबानी, अडानी और टाटा पर टिप्पणी

अर्थव्यवस्था और कॉरपोरेट घरानों पर बोलते हुए राज ठाकरे ने कहा कि भाषा किसी भी राष्ट्र की पहचान और आधार होती है। उन्होंने कहा, “बांग्ला बोलने वालों ने पाकिस्तान से अलग होकर बांग्लादेश बनाया, इसका मतलब भाषा अहम होती है। अगर प्रधानमंत्री अंबानी और अडानी के साथ सहज हैं और टाटा से नहीं, तो मैं भी अपनी सोच पर कायम रह सकता हूं।”

पाकिस्तान और आतंकवाद पर राय

पाकिस्तान के साथ रिश्तों और आतंकवाद के खिलाफ भारत की रणनीति पर राज ठाकरे ने कहा, “छह आतंकवादियों को मारने के लिए युद्ध कोई समाधान नहीं है। जो हमने किया वो युद्ध नहीं था। असली युद्ध क्या होता है, वो गाज़ा स्ट्रिप देखकर समझा जा सकता है। 26 भारतीयों को मारने वाले आज भी ज़िंदा हैं, यह सवाल गंभीर है।”

उद्धव ठाकरे से संभावित गठबंधन पर बयान

शिवसेना (UBT) के साथ गठबंधन को लेकर अपने हालिया बयान पर सफाई देते हुए राज ठाकरे ने कहा, “इंटरव्यू में कही गई एक बात को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया। मैं बार-बार सफाई नहीं दे सकता। मेरा कभी व्यक्तिगत झगड़ा नहीं रहा। अगर वे महाराष्ट्र को नुकसान पहुंचाने वालों से दूरी बना लें, तो साथ आना संभव है।”

राज ठाकरे के इस बयान ने महाराष्ट्र की राजनीति में नई हलचल मचा दी है। आने वाले समय में भाजपा, शिवसेना और MNS के रिश्तों में क्या मोड़ आएगा, यह देखने लायक होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button