मराठवाड़ा में ‘ओला-सूखा’ घोषित कर किसानों व नागरिकों को राहत दें – सांसद डॉ. कल्याण काले की मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मांग

जालना/कादरी हुसैन
मराठवाड़ा में लगातार दो-तीन दिनों से हो रही भीषण बारिश ने किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों की कमर तोड़ दी है। खेतों में खड़ी खरीफ फसलें बर्बाद हो गईं, कई जगह जमीन और बांध बह गए, पशुधन और गौशालाएं नष्ट हो गईं। शहरों और कस्बों में पानी घुस जाने से घरों का सामान, बिजली उपकरण और व्यापारिक प्रतिष्ठान डूब गए। इस हालात को देखते हुए जालना लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. कल्याण काले ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सीधे निवेदन देकर जालना और औरंगाबाद जिलों में तुरंत ‘ओला-सूखा’ घोषित करने की ठोस मांग रखी है।
डॉ. काले ने बताया कि मराठवाड़ा के विभिन्न हिस्सों में 120 मिमी से 220 मिमी तक मूसलधार बारिश हुई है, जिससे कई स्थानों पर बादल फटने जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। इसके चलते किसान पूरी तरह हताश और आर्थिक संकट में डूब गए हैं।
सांसद डॉ. काले की प्रमुख मांगें:
- जालना और औरंगाबाद जिलों में तुरंत ‘ओला-सूखा’ घोषित किया जाए।
- राजस्व, कृषि और पशुपालन विभाग की संयुक्त टीमें बनाकर तुरंत पंचनामा किया जाए।
- किसानों के कर्ज पर अस्थायी स्थगन और ब्याज माफी दी जाए।
- शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रभावित नागरिकों को अलग निधि से तत्काल राहत दी जाए।
- राहत प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और तेज़ी से चलाकर असली पीड़ितों तक मदद पहुंचाई जाए।
डॉ. काले ने कहा – “यह केवल प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि किसानों और नागरिकों के जीवन पर पड़ा गहरा आघात है। राज्य सरकार को तुरंत ठोस कदम उठाकर उनके आंसू पोंछने होंगे और उन्हें फिर से खड़ा होने का संबल देना होगा।”
