Breaking NewsMaharashtra

जलगांव में ‘चड्डी गैंग’ का आतंक: एक ही रात में चार चोरी की वारदातें, दो मंदिरों में तोड़फोड़ और कीमती सामान पर हाथ साफ

जलगांव शहर के रायसोनी नगर क्षेत्र में सोमवार देर रात ‘चड्डी गैंग’ ने एक के बाद एक चार चोरी की वारदातों को अंजाम देकर इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। चोरों ने दो मंदिरों के ताले तोड़कर चांदी की पादुकाएं, धातु की मूर्तियां, दानपेटी से रकम और अन्य कीमती वस्तुएं चुरा लीं। तीसरे मंदिर से कुछ खास हाथ नहीं लगने पर चोर वहां से सिर्फ एक पेन ड्राइव लेकर निकल गए। इसके साथ ही क्षेत्र के एक बंद घर में भी सेंधमारी की गई।

700 ग्राम चांदी, मूर्तियां और नकदी पर हाथ साफ
गजानन महाराज मंदिर से चोरों ने लगभग 700 ग्राम चांदी की पादुकाएं, डेढ़ फुट ऊंची गणेश मूर्ति और दानपेटी की अज्ञात राशि चुरा ली। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें चोर हथियारों से लैस दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का अनुमान है कि ये चोर किसी अन्य राज्य से आए हो सकते हैं।

सीसीटीवी में कैद ‘चड्डी गैंग’
इन वारदातों के सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, जिनमें चार चोर अर्धनग्न अवस्था में केवल चड्डी पहने हुए, चेहरों पर मास्क या रुमाल बांधकर मंदिरों में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। एक चोर के हाथ में चप्पल, तो दूसरे की कमर में चप्पल बंधी नजर आ रही है। साथ ही, उनके हाथों में चॉपर, तलवारें और चाकू जैसे हथियार भी दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस ने शुरू किया जांच का सिलसिला
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और यह अनुमान लगाया जा रहा है कि यह पूरी वारदात कुख्यात ‘चड्डी गैंग’ की करतूत हो सकती है, जिसने इससे पहले भी कई राज्यों में इसी प्रकार की घटनाओं को अंजाम दिया है।

स्थानीय नागरिकों में भय का माहौल है और वे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button