Breaking NewsMadhya PradeshSocial Media

रेस्टोरेंट में मिलने पहुंचा तो इंस्टाग्राम गर्लफ्रेंड निकली पत्नी, अय्याश पति हुआ रंगे हाथों गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता ने अपने पति की चालाकियों का भांडा फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर फोड़ा। युवक खुद को अविवाहित बताकर लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाता था, लेकिन उसकी पत्नी ने फेक अकाउंट के जरिए उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

मामला ग्वालियर के माधौगंज थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाली 23 वर्षीय महिला की शादी वर्ष 2023 में एक निजी कंपनी के सेल्समैन अतुल (बदला हुआ नाम) से हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद पति की संदिग्ध हरकतों ने पत्नी को शक में डाल दिया। वह घंटों मोबाइल पर व्यस्त रहता, देर रात तक चैट करता और अक्सर घर से बाहर बात करता था। पूछताछ पर वह ऑफिस कॉल का बहाना बनाता।

पत्नी ने पति की सच्चाई जानने के लिए अपनी बहन की आईडी से एक नया मोबाइल नंबर खरीदा और उस पर एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया। प्रोफाइल में एक खूबसूरत लड़की की तस्वीर लगाकर उसने पति को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। पति ने रिक्वेस्ट तुरंत स्वीकार कर ली और दोनों के बीच दो महीने तक लंबी बातचीत चलती रही।

पत्नी ने जब पूरी तरह यकीन कर लिया कि उसका पति दूसरी लड़कियों से प्रेमजाल रचाता है, तब उसने इंस्टाग्राम गर्लफ्रेंड बनकर उसे एक रेस्टोरेंट में मिलने बुलाया। मिलने पहुंचा पति उस वक्त चौंक गया जब सामने पत्नी को देखा। पहले तो उसने झूठ बोला कि वह किसी क्लाइंट से मिलने आया है, लेकिन जब पत्नी ने उसकी चैट दिखाई, तो सारा सच सामने आ गया।

रेस्टोरेंट में ही दोनों के बीच झगड़ा हुआ और मामला महिला थाने तक पहुंचा। पत्नी ने पति पर धोखेबाज़ी का आरोप लगाते हुए तलाक की मांग की, जबकि पति ने मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों को परामर्श केंद्र भेजा गया, जहां काउंसलर महेंद्र शुक्ला ने दोनों की एक महीने तक काउंसलिंग की। अंततः पति ने अपनी गलती स्वीकार कर माफी मांगी और भविष्य में ऐसा न करने का वादा किया। काउंसलिंग के बाद दोनों ने साथ रहने का फैसला किया। पुलिस की समझाइश और काउंसलिंग ने एक टूटते रिश्ते को संभाल लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button