नळदुर्ग किले से महिला ने तीन बच्चों संग लगाई छलांग, मां और एक बच्चे की मौत

उस्मानाबाद | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
खवड्या डोंगर से छलांग लगाने की घटना ताजा ही थी कि ऐतिहासिक नळदुर्ग किले से एक महिला द्वारा अपने तीन छोटे बच्चों के साथ छलांग लगाने की बेहद दुखद घटना सामने आई है। इस हादसे में महिला और उसके एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, उस्मानाबाद जिले के उमरगा तालुका के वंताळा गांव की रहने वाली अश्विनी तानाजी मोहिते (30) गुरुवार को अपने तीन छोटे बच्चों के साथ नळदुर्ग किले पर आई थीं। बताया जा रहा है कि किले की ऊंची तटबंदी से उन्होंने अचानक तीनों बच्चों को साथ लेकर नीचे छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण जोरदार आवाज हुई। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय नागरिकों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर मदद शुरू की।
हादसे में अश्विनी मोहिते और उनके एक बच्चे की गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही नळदुर्ग पुलिस थाने की टीम घटनास्थल पर पहुंची। घायल दोनों बच्चियों को नागरिकों की मदद से तत्काल नळदुर्ग उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उपचार के लिए उस्मानाबाद रेफर
नळदुर्ग उपजिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों बच्चियों की हालत बेहद गंभीर होने के कारण उन्हें तत्काल उस्मानाबाद स्थित शासकीय सर्वोपचार रुग्णालय (जीजीएच) रेफर किया गया। फिलहाल दोनों का आईसीयू में इलाज चल रहा है और डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
एक ही परिवार के चार सदस्यों के साथ हुई इस दर्दनाक घटना से वंताळा गांव और पूरे उस्मानाबाद जिले में शोक की लहर है। महिला ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसके पीछे पारिवारिक विवाद था या किसी अन्य तरह का मानसिक तनाव, पुलिस इसकी जांच कर रही है। नळदुर्ग पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
