फुलंब्री में महिला मरीज से दुष्कर्म का आरोप, डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
जिले के फुलंब्री शहर में चिकित्सा पेशे को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। इलाज के लिए क्लिनिक पहुंची एक महिला मरीज को कथित तौर पर बेहोशी की दवा देकर उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप एक डॉक्टर पर लगा है। पीड़ित महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना का वीडियो बनाकर पुलिस में शिकायत करने पर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। इस मामले के सामने आने के बाद शहर में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर को शाम करीब 6 बजे सिरदर्द की शिकायत होने पर संबंधित महिला फुलंब्री स्थित एक क्लिनिक में इलाज कराने पहुंची थी। आरोप है कि डॉक्टर ने उसकी जांच कर दवाइयां दीं, जिसके बाद महिला को बेहोशी जैसा महसूस होने लगा। इसके बाद डॉक्टर ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो बना लिया। महिला ने शिकायत में यह भी कहा है कि पुलिस में शिकायत दर्ज कराने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई।
घटना के बाद पीड़ित महिला ने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फुलंब्री पुलिस ने डॉक्टर रामदास महादू तरडे (50) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
