Breaking NewsMaharashtraMumbai

मुंबई में समय से पहले मॉनसून की दस्तक, तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित; प्रशासन सतर्क

मुंबई में रविवार से जारी बारिश ने मॉनसून की औपचारिक शुरुआत से पहले ही शहर को तरबतर कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून महाराष्ट्र में समय से पहले दाखिल हो चुका है और अगले दो-तीन दिनों में मुंबई में पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। सोमवार को भी मुंबई और उपनगरों में रुक-रुक कर बारिश जारी रही।

बारिश के चलते शहर के कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी, लेकिन फिलहाल लोकल ट्रेनों और सड़क यातायात पर कोई खास असर नहीं पड़ा है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। BMC ने आपातकालीन नियंत्रण कक्ष को सक्रिय कर दिया है और नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

Kem अस्पताल के बच्चों के वार्ड में पानी घुसा

तेज बारिश के कारण मुंबई के प्रतिष्ठित KEM अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर पर पानी घुस गया। विशेष रूप से बाल रोग गहन चिकित्सा इकाई (PICU) प्रभावित हुई। हालांकि, प्रशासन ने तुरंत स्थिति को संभालने के लिए कार्रवाई शुरू की।

96 जर्जर इमारतों से हटाए गए लोग

BMC और MHADA ने शहर में 96 खतरनाक इमारतों की पहचान की है और इनमें रह रहे लगभग 3100 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है। प्रशासन ने बारिश के मौसम में किसी भी अनहोनी से बचने के लिए यह कदम उठाया है।

मुंबई में कहां कितनी बारिश हुई?

  • नरीमन पॉइंट फायर स्टेशन: 40 मिमी
  • नेत्र अस्पताल, ग्रांट रोड: 36 मिमी
  • मेमनवाड़ा फायर स्टेशन: 35 मिमी
  • कोलाबा फायर स्टेशन: 31 मिमी
  • भायखला फायर स्टेशन: 21 मिमी
  • नायर अस्पताल: 14 मिमी

मौसम विभाग का येलो अलर्ट

IMD ने मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसका मतलब है मध्यम से भारी बारिश की संभावना। समुद्री हवाओं के तेज बहाव और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की चेतावनी और अपील

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने भारी बारिश की स्थिति को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने और समय पर राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे और नासिक जिलों में स्थिति की समीक्षा की और कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह तैयार है।

शिंदे ने नागरिकों से अपील की कि वे जब तक आवश्यक न हो, घर से बाहर न निकलें, विशेषकर निचले इलाकों में रहने वाले लोग सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि नागरिकों का सहयोग प्रशासन के प्रयासों को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

प्रशासन की तैयारी

  • नालों की सफाई और पंपिंग स्टेशनों की मरम्मत
  • 24×7 कंट्रोल रूम सक्रिय
  • स्कूलों, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थानों की इमारतों का निरीक्षण
  • लोकल ट्रेनों और बसों की सेवाओं पर निगरानी

मुंबई में बारिश की रफ्तार आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है, ऐसे में प्रशासन और नागरिकों दोनों को सतर्क रहने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button