BiharBreaking News

गोपालगंज के सिसई में मुस्लिम युवक की चाकू मारकर हत्या, तनाव के बीच इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के सिसई पैठान टोला में मंगलवार देर शाम 23 वर्षीय कैफ खान की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। हत्या की खबर जंगल में आग की तरह फैली, जिसके बाद गुस्साए लोगों ने सिसई बाजार में हिंसा शुरू कर दी।

तीन युवक हिरासत में, पुलिस कस्टडी में इलाज जारी
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हरिराम यादव, आशीष यादव और बबलू यादव नाम के तीन युवकों को हिरासत में लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि ये तीनों भी घायल अवस्था में पाए गए। इनका इलाज भोरे के रेफरल अस्पताल में पुलिस कस्टडी में चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने हत्या के बाद एक महिला और उसके बेटे के घर में शरण ली थी। भीड़ ने आरोप लगाते हुए महिला की दुकान और गाड़ी को आग के हवाले कर दिया।

हत्या के पीछे आर्केस्ट्रा विवाद की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हत्या छह महीने पुराने आर्केस्ट्रा विवाद की वजह से हुई है। मृतक के दोस्तों और आरोपी युवकों के बीच पहले भी विवाद हुआ था। हालांकि आरोपी पक्ष का दावा है कि वे सिसई बाजार में दवा लेने आए थे और उन पर अचानक हमला हुआ।

इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
हत्या के बाद सिसई बाजार हिंसा की आग में झुलस उठा। गुस्साई भीड़ ने बाइकें फूंक दीं, दुकानों में तोड़फोड़ की और मुख्य सड़क को जाम कर दिया। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने सिसई को छावनी में तब्दील कर दिया। बीएमपी, दंगा निरोधक दस्ता और महिला पुलिस बल समेत भारी संख्या में जवानों को तैनात किया गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गोपालगंज डीएम प्रशांत कुमार सीएच, सारण डीआईजी नीलेश कुमार और सीवान एसपी अमितेश कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। देर रात फ्लैग मार्च किया गया और आगजनी पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की मदद ली गई।

कैफ खान का शव पहुंचते ही मचा कोहराम
जैसे ही कैफ खान का शव गांव पहुंचा, पूरे सिसई में कोहराम मच गया। गुस्साए लोगों ने शव वाहन को सिसई-भोरे मार्ग पर रोककर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मां बार-बार बेहोश हो रही थी।

पुलिस सुरक्षा में अंतिम संस्कार
कैफ का अंतिम संस्कार भारी पुलिस सुरक्षा के बीच किया गया। कब्रिस्तान के चारों ओर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पूरा गांव गमगीन माहौल में बेटे को अंतिम विदाई देता नजर आया।

माले नेताओं ने की परिजनों से मुलाकात
घटना के बाद माले नेता जितेंद्र पासवान, सुभाष पटेल और धर्मेंद्र चौहान ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और दोषियों को सजा दिलाने का भरोसा दिया।

जांच जारी, पुलिस ने जब्त किए साक्ष्य
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और खून के धब्बों के साथ चाकू का कवर जब्त किया है। अधिकारियों के अनुसार, जांच तेजी से चल रही है और जल्द ही मामले की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।

इलाके में अब भी तनाव का माहौल है और प्रशासन ने 11 संवेदनशील जगहों पर दंडाधिकारी के साथ बल तैनात कर दिया है। सिसई बाजार बंद है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button