Breaking NewsKarnatakPolitics

भाजपा MLC एन रविकुमार का विवादित बयान: कलबुर्गी कलेक्टर फौजिया तरन्नुम को बताया ‘पाकिस्तान से आई हुई’

भाजपा नेताओं के विवादित बयानों से बढ़ा सियासी पारा, अब कर्नाटक की महिला IAS पर टिप्पणी

मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह द्वारा महिला सैन्य अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर की गई विवादित टिप्पणी पर विवाद अभी थमा नहीं था कि अब भाजपा के एक और नेता ने महिला आईएएस अधिकारी पर आपत्तिजनक बयान देकर नया विवाद खड़ा कर दिया है।

कर्नाटक में भाजपा के एमएलसी एन रविकुमार ने कलबुर्गी की जिला कलेक्टर फौजिया तरन्नुम पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘पाकिस्तान से आई हुई’ बताने की बात कही है। रविकुमार 24 मई को भाजपा के ‘कलबुर्गी चलो’ अभियान के तहत आयोजित रैली में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन कांग्रेस सरकार के इशारे पर काम कर रहा है।

उन्होंने कहा, “कलबुर्गी डीसी ऑफिस अब स्वतंत्र नहीं रहा। डीसी मैडम कांग्रेस की बातें सुन रही हैं। मुझे नहीं पता कि वे पाकिस्तान से आई हैं या यहां की आईएएस अधिकारी हैं। आपकी तालियों को देखकर लग रहा है कि डीसी पाकिस्तान से आई हैं।”

इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। फिलहाल, डीसी फौजिया तरन्नुम ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन कांग्रेस ने भाजपा पर सांप्रदायिक जहर फैलाने का आरोप लगाया है। पार्टी ने कहा कि भाजपा महिला अधिकारियों के प्रति अपमानजनक रवैया रख रही है और समाज में जानबूझकर धार्मिक ध्रुवीकरण पैदा कर रही है।

इससे पहले मध्य प्रदेश के वन मंत्री विजय शाह ने 13 मई को पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर टिप्पणी करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहीं सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को ‘आतंकियों की बहन’ कह दिया था। इस विवाद पर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। इसके बाद विजय शाह ने 14 मई को एक वीडियो बयान जारी कर माफी मांगी, लेकिन उनके हावभाव और माफी के तरीके को लेकर भी सवाल उठे।

लगातार दो महिला अधिकारियों को लेकर भाजपा नेताओं के विवादित बयान सामने आने से भाजपा की मुश्किलें बढ़ गई हैं और विपक्ष हमलावर हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button