गौसेवा बजरंग दल के जिला संयोजक मोंटी बजरंगी की गला रेतकर हत्या, घर में ही मिला शव; स्वजन पर हत्या का शक

बिजनौर, किरतपुर। गांव गोबिंदपुर में बजरंग दल के गौसेवा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक मोंटी बजरंगी (25 वर्ष) की घर के अंदर ही गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। उनका रक्तरंजित शव चारपाई पर पड़ा मिला, जबकि बगल के कमरे में लगभग पांच फीट गहरा गड्ढा भी खुदा हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि शव को वहीं दफनाने की योजना थी।
घटना की जानकारी सोमवार सुबह उस वक्त सामने आई जब रोजाना दूध निकालने आने वाला गांव का खुर्शीद घर पहुंचा। दरवाजा न खुलने पर वह एक पड़ोसी को साथ लेकर अंदर गया तो नजारा देख दंग रह गया। मोंटी का शव बरामदे में पड़ा था, वहीं सौतेला पिता बलराम सिंह उर्फ बल्ले और मां विनोद देवी बेहोशी की हालत में थे। वहीं सौतेला भाई मोंटू पूरी तरह स्वस्थ और सही सलामत पाया गया।
हत्या में स्वजन पर शक, सौतेला भाई हिरासत में
मौके पर पहुंची पुलिस ने मोंटी के सौतेले भाई मोंटू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया पुलिस को मोंटी की हत्या में घरवालों की संलिप्तता का शक है। एएसपी सिटी संजीव बाजपेयी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और बताया कि मामला संदिग्ध है और जांच जारी है। बलराम सिंह का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
हिंदू संगठनों का आक्रोश
हत्या की सूचना मिलते ही हिंदू संगठन के नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और आक्रोश जताया। उन्होंने मोंटी के स्वजनों पर ही हत्या का आरोप लगाया और सख्त कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच तेज कर दी गई है। घटनास्थल से मिले सुराग और बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
