फार्म हाउस में रंगीन रात का काला सच: रेव पार्टी और वेश्यावृत्ति में 28 गिरफ्तार, एनआरआई से मिले डॉलर

उदयपुर: राजस्थान के शांत माने जाने वाले उदयपुर जिले से रविवार रात एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गोगुंदा थाना क्षेत्र के दो फार्म हाउस पर पुलिस ने एक साथ छापा मारते हुए रेव पार्टी और वेश्यावृत्ति के अड्डे का भंडाफोड़ किया। इस सनसनीखेज कार्रवाई में पुलिस ने 18 लड़कों और 10 लड़कियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक एनआरआई भी शामिल है।
पुलिस ने बताया कि इन दोनों फार्म हाउस – माताजी खेड़ा स्थित पियाकल प्रियंका पीपी फार्म हाउस और खुमानपुरा में द स्काय साइन हॉलीडे फार्म हाउस – में लंबे समय से अवैध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। रविवार को जैसे ही मुखबिर ने पुष्टि की, पुलिस ने देर रात रेड डाली और दोनों जगहों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब अंदर का नज़ारा देखा तो उनके होश उड़ गए।
फार्म हाउस के भीतर रेव पार्टी में शराब, डीजे और आपत्तिजनक सामग्रियों का जमकर इस्तेमाल हो रहा था, वहीं दूसरे फार्म हाउस में वेश्यावृत्ति का गोरखधंधा चल रहा था। खास बात यह रही कि पकड़ी गई लड़कियों में कोई भी राजस्थान की नहीं है, सभी को बाहर के राज्यों से बुलाया गया था।
इस पूरी कार्रवाई में एक एनआरआई भी गिरफ्तार हुआ है, जिसके पास से 3.20 लाख रुपये मूल्य के डॉलर जब्त किए गए हैं। फार्म हाउस के बाहर खड़ी लग्जरी गाड़ियों की कतार यह साफ दर्शा रही थी कि इस रैकेट में पैसे वाले और रसूखदार लोग शामिल थे।
पुलिस अब पूरे नेटवर्क की तह तक जाने के लिए सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उदयपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने प्रदेशभर में हड़कंप मचा दिया है और एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या फार्म हाउस अब सिर्फ मौज-मस्ती के अड्डे बनकर रह गए हैं, या कुछ और गहरे राज़ छिपे हैं?
