औरंगाबाद में हैवानियत! नाबालिग को आत्महत्या की धमकी देकर बुलाया, फिर खेत में किया बलात्कार – आरोपी गिरफ्तार

औरंगाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 28 वर्षीय दरिंदे ने 15 वर्षीय नाबालिग बच्ची को फोन पर धमकी दी कि “अगर तुम बाहर नहीं आई तो मैं आत्महत्या कर लूँगा।” भय और मजबूरी में लड़की रात करीब दस बजे घर से बाहर आई। तभी आरोपी ने उसे पास के कपास के खेत में ले जाकर जबरदस्ती दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया।
घबराई और बेसुध हालत में किशोरी खेत में ही गिरकर बेहोश हो गई। होश आने पर उसने किसी तरह घर पहुँचकर अपने परिजनों को पूरी घटना बताई। घटना सुनकर परिवार सकते में आ गया और तुरंत पुलिस से संपर्क किया।
पीड़िता की मां की शिकायत पर किशोर थाना, औरंगाबाद पुलिस ने आरोपी अंकुश जनार्धन लेणेकर (28 वर्ष) के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) कानून के तहत गंभीर मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कन्नड़ न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
इस सनसनीखेज मामले की जांच पुलिस निरीक्षक शिवाजी नागवे के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक रतन डोईफोडे और विलास सोनवणे कर रहे हैं।
