लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, कंटेनर से टकराई कार

गाजियाबाद: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब गाजियाबाद निवासी विजय पाठक अपनी कार से कंटेनर को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे। तभी कार अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार कंटेनर से पीछे से टकरा गई।
हादसे में कार में सवार विजय पाठक (55), उनकी बहन सीमा उपाध्याय (40) और बिजनेस पार्टनर उमेश सिंह (43) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सीमा की बेटी आरुषि (26) को पहले कन्नौज मेडिकल कॉलेज और फिर कानपुर हैलट अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि विजय पाठक मूल रूप से बिहार के गोपालगंज जिले के अंबा गांव के निवासी थे और लंबे समय से गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। वह आरा निवासी उमेश सिंह के साथ हाउसिंग सोसाइटी के मेंटेनेंस का काम करते थे।
24 मई को विजय पाठक अपने रिश्तेदार की तेरहवीं में शामिल होने देवरिया गए थे। वहीं से रविवार तड़के गाजियाबाद लौटते वक्त यह हादसा हो गया। साथ में उनकी बहन सीमा, भांजी आरुषि और उमेश सिंह भी थे। हादसा बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में हुआ, जहां कार ने कंटेनर को ओवरटेक करने की कोशिश की और पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का आधा हिस्सा कंटेनर के नीचे घुस गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और कटर की मदद से कार के हिस्सों को काटकर शवों को बाहर निकाला। कंटेनर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कहा है कि प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि ओवरटेक करते समय कंटेनर चालक द्वारा वाहन को बाएं लेने से कार उसके नीचे घुस गई।
यह दर्दनाक हादसा पूरे परिवार के लिए गहरा शोक लेकर आया है और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।