काशीदास पूजा की तैयारी में बड़ा हादसा: हाईटेंशन तार की चपेट में आकर चार लोगों की मौत, तीन घायल

गाजीपुर जिले के मरदह क्षेत्र के नरवर गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य झुलस गए। यह हादसा उस समय हुआ जब काशीदास बाबा की पूजा के लिए बांस लगाया जा रहा था और वह ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से टकरा गया। करंट लगते ही सात लोग अचेत हो गए।
घायलों को तत्काल मऊ के फातमा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने छोटेलाल यादव (35), यूपी पुलिस के सिपाही रविंद्र यादव उर्फ कल्लू (29), अजय यादव (23) और अमन यादव (19) को मृत घोषित कर दिया। सिपाही रविंद्र यादव वर्तमान में अंबेडकर नगर जिले के टांडा थाने में तैनात थे और पूजा में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आए थे। मृतकों में अजय यादव उनके छोटे भाई थे।
घटना में घायल हुए अभिरिक यादव, संतोष यादव और जितेंद्र यादव का इलाज फातमा अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
इस पूजा कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव के आने की भी तैयारी थी, लेकिन हादसे ने आयोजन को शोक में बदल दिया।
प्रशासन की ओर से घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं, वहीं स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई है।
