Breaking NewsJalna

जालना पुलिस का ‘ऑपरेशन खोज अभियान-3’ सफल, 107 महिलाएं और 8 नाबालिग लड़कियां सुरक्षित बरामद

जालना | कादरी हुसैन

महाराष्ट्र पुलिस के निर्देश पर जालना जिला पुलिस द्वारा चलाए गए “ऑपरेशन खोज अभियान-3” में बड़ी सफलता हासिल हुई है। 6 मार्च 2026 से 22 मार्च 2026 के बीच चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने वर्षों से लापता महिलाओं और नाबालिग लड़कियों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया।

पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिलेभर में विशेष टीमों का गठन किया गया था, जिसमें एक नोडल अधिकारी, दो सहायक नोडल अधिकारी और प्रत्येक पुलिस थाना स्तर पर समर्पित टीमों ने व्यापक स्तर पर खोज अभियान चलाया।

अभियान के दौरान वर्ष 2021 से फरवरी 2026 तक लापता हुई 200 महिलाओं में से 107 महिलाओं को खोज निकाला गया। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, गोपनीय सूत्रों और विभिन्न स्थानों पर जाकर की गई जांच के आधार पर यह सफलता हासिल की।

वहीं, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत दर्ज 25 मामलों में से 8 नाबालिग पीड़ित लड़कियों को भी बरामद किया गया। इन लड़कियों को पुणे, नागपुर, संभाजीनगर, कोल्हापुर और मुंबई जैसे शहरों से सुरक्षित खोजकर उनके माता-पिता को सौंपा गया।

इस अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक अजय कुमार बंसल और अपर पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी के निर्देशन में किया गया। नोडल अधिकारी रयतुवार (उप अधीक्षक – गृह) और सहायक नोडल अधिकारी पंकज जाधव के मार्गदर्शन में पूरी टीम ने समन्वय के साथ कार्य किया।

मिसिंग सेल के पुलिस उपनिरीक्षक गणेश शिंदे, पुलिस कर्मचारी किशोर पुंगळे, AHTU की पुलिस उपनिरीक्षक पुष्पा खरटमल, पुलिस कॉन्स्टेबल रेणुका राठोड सहित सभी थाना स्तर के अधिकारियों और कर्मचारियों का इस अभियान में महत्वपूर्ण योगदान रहा।

जालना पुलिस की इस कार्रवाई को मानव तस्करी और लापता मामलों के खिलाफ एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button