साद बीन मुबारक की लगातार शिकायतों से मनपा प्रशासन में खलबली; अधीक्षक फुलंब्रीकर ने सभी विभागों को तुरंत व पारदर्शी कार्रवाई का आदेश दिया

जालना/कादरी हुसैन
जालना शहर महानगरपालिका में सामाजिक कार्यकर्ता साद बीन मुबारक द्वारा दर्ज कराई गई कई गंभीर शिकायतों के बाद प्रशासन में हलचल मच गई है। कार्यालय अधीक्षक विजय फुलंब्रीकर ने सभी संबंधित विभाग प्रमुखों को तत्काल, नियमबद्ध और पारदर्शी कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।
फुलंब्रीकर ने अपने आदेश में कहा कि मनपा को प्राप्त प्रत्येक अर्ज और निवेदन पर संबंधित नियम, अधिनियम, शासन निर्णय तथा आवश्यक होने पर न्यायालय निर्देशों का अवलोकन कर शीघ्र कार्रवाई की जाए। साथ ही की गई कार्रवाई की लिखित जानकारी शिकायतकर्ता व संबंधित शाखा को उपलब्ध कराई जाए।
साद बीन मुबारक की प्रमुख शिकायतें—
🔸 मनपा में बिना बीमा वाले ट्रैक्टरों का उपयोग
मुबारक ने आरोप लगाया है कि मनपा में कई ट्रैक्टर बिना इंश्योरेंस के चलाए जा रहे हैं और इनके दस्तावेज भी संदिग्ध हैं। उन्होंने इसे गंभीर अनियमितता बताते हुए त्वरित जांच व कार्रवाई की मांग की है।
🔸 भाग्यनगर–टट्टूपुरा–कुंडलिका नदी मार्ग पर बड़े नाले के निर्माण की आवश्यकता
शिकायतकर्ता के अनुसार इस क्षेत्र में बड़े नाले के निर्माण से बार-बार होने वाला जलभराव स्थायी रूप से समाप्त हो सकता है। उन्होंने मनपा से यह कार्य प्राथमिकता से कराने की अपील की है।
🔸 छत्रपती कॉलोनी का अवैध रूप से बंद सार्वजनिक रास्ता
मुबारक का कहना है कि पिछले एक माह से कॉलोनी का सार्वजनिक रास्ता अवैध रूप से बंद है। प्रमाण और शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई न होने पर उन्होंने नाराज़गी जताई है। एसडीओ ने भी इस रास्ते को तत्काल खोलने के निर्देश दिए हैं।
🔸 अयोग्य व्यक्ति को प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक बनाने का आरोप
मुबारक ने आरोप लगाया कि मनपा में एक ऐसे कर्मचारी को प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक बनाया गया है, जिसकी योग्यता इस पद के लिए मान्य नहीं है। वह मूल रूप से स्वच्छता कर्मचारी है, इसलिए उसे मूल पद पर भेजने की मांग की गई है।
🔸 रास्ता खोलने में जानबूझकर देरी का आरोप
छत्रपती कॉलोनी में नागरिकों द्वारा लोहे का गेट हटाए जाने के बाद भी मनपा अधिकारियों द्वारा सिमेंट की दीवार नहीं हटाई गई है। मुबारक ने इसे जानबूझकर की जा रही ढिलाई बताया और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अधीक्षक विजय फुलंब्रीकर ने निर्देश दिया है कि उपरोक्त सभी शिकायतों — क्रमांक 01 से 06 — की गुणवत्तापूर्ण जांच कर नियमों के अनुसार तत्काल कार्रवाई की जाए तथा संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी लिखित रूप से साद बीन मुबारक को उपलब्ध कराई जाए।
