Breaking NewsRajasthan

डूंगरपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: शादी से लौट रहे एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, 8 गंभीर घायल

राजस्थान के डूंगरपुर जिले के सांवला इलाके में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य एक शादी समारोह से लौट रहे थे और गांव के पास जीप से उतरकर विश्राम कर रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सभी लोग पिंडावल गांव से एक विवाह कार्यक्रम के बाद लौट रहे थे। गांव के स्टैंड के पास उनकी जीप खड़ी थी और कुछ लोग बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर आया और जीप, सड़क किनारे खड़े लोगों और एक एम्बुलेंस को कुचलता हुआ पलट गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक पलटते ही उसके नीचे तीन बाइक, जीप और कई लोग दब गए। हादसे में बाड़ीगामा बड़ी गांव के लवजी पाटीदार, दयालाल पाटीदार, सविता पाटीदार और भावेश पाटीदार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में लवजी पाटीदार की दोहिती की शादी थी, और पूरा परिवार इसी कार्यक्रम से लौट रहा था।

हादसे के चलते बिजली का एक खंभा भी टूट गया और तार सड़क पर गिर गए, जिससे बचाव कार्य और मुश्किल हो गया। रात करीब 3:30 बजे तक क्रेन की मदद से ट्रक को हटाया गया और उसके नीचे दबे शवों और घायलों को बाहर निकाला गया। घायलों को सागवाड़ा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां कुछ की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। घटनास्थल पर शोक का माहौल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button