Breaking NewsCrime NewsMumbai

मुंबई की हाईप्रोफाइल सोसायटी में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को बचाया गया

मुंबई: महानगर मुंबई से एक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। चेंबूर के वाशी नाका इलाके की एक हाईप्रोफाइल सोसायटी में पुलिस ने एक गुप्त ऑपरेशन के तहत सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जबरन देह व्यापार में धकेली गई एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को मुक्त कराया है। वहीं, इस घिनौने धंधे को अंजाम देने वाली वत्सला रमेश शिंदे (उम्र करीब 60 साल) नाम की महिला को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस को मिली गुप्त सूचना के अनुसार, वत्सला शिंदे नाम की महिला काफी समय से अपने फ्लैट से देह व्यापार का संचालन कर रही थी। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस ने एक सटीक योजना बनाकर फ्लैट पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस को एक नाबालिग लड़की मिली, जिसे जबरदस्ती इस गंदी दुनिया में धकेला गया था।

पुलिस ने तुरंत लड़की को अपनी कस्टडी में लिया और उसे डोंगरी स्थित बाल सुधारगृह भेज दिया गया है, जहां उसकी काउंसलिंग और देखभाल की जा रही है। वहीं, आरोपी महिला को देवनार महिला सुधारगृह में रखा गया है और उसके खिलाफ देह व्यापार, मानव तस्करी और पोक्सो (POCSO) एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

इस घटना ने मुंबईवासियों को झकझोर कर रख दिया है, खासकर तब जब यह सबकुछ एक प्रतिष्ठित सोसायटी की चारदीवारी के भीतर हो रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस रैकेट से और कौन-कौन जुड़े हुए हैं और क्या इसमें कोई बड़ा गैंग शामिल है।

मुंबई में महज तीन दिन पहले दहिसर इलाके में कुछ महिलाओं द्वारा अपनी ही बेटियों से देह व्यापार कराए जाने का मामला सामने आया था और अब एक और केस ने समाज की विकृत मानसिकता को उजागर कर दिया है। पुलिस का कहना है कि शहर में चल रहे ऐसे अवैध रैकेट्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पूरे शहर में इस कांड को लेकर रोष है और लोग दोषियों को कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button