वक्फ कानून के खिलाफ अबू आजमी का आह्वान, 30 अप्रैल को ‘लाइट बंद’ आंदोलन

देश में वक्फ कानून लागू होने के बाद मुस्लिम संगठनों के विरोध के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के महाराष्ट्र अध्यक्ष और विधायक अबू आजमी ने इसके खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। अबू आजमी ने कहा कि वक्फ कानून असंवैधानिक है और इसके खिलाफ गम और गुस्से का इजहार जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि 30 अप्रैल 2025 को रात 9 बजे से सवा 9 बजे तक अपने घर, दफ्तर और दुकानों की लाइटें बंद रखें।
अबू आजमी ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने गैरकानूनी और असंवैधानिक तरीके से वक्फ कानून बनाया है। उन्होंने कहा कि विरोध शांतिपूर्ण ढंग से और सलीके से किया जाएगा।
इस कानून को सुप्रीम कोर्ट में भी चुनौती दी गई है। याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से जवाब मांगा है। केंद्र ने कोर्ट में कहा कि 1923 से वक्फ बाय यूजर प्रावधान के बावजूद निजी और सरकारी संपत्तियों को गलत तरीके से वक्फ घोषित किया जा रहा था, जिसे रोकने के लिए नया कानून लाना जरूरी हो गया था।
पहलगाम आतंकी हमले पर अबू आजमी की प्रतिक्रिया
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर अबू आजमी ने कहा कि पूरा देश धर्म और जाति से ऊपर उठकर इस घटना की निंदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि आतंकियों ने धर्म पूछकर लोगों को मारा और इस घटना के जरिए देश में अस्थिरता फैलाने की साजिश रची गई।
अबू आजमी ने आरोप लगाया कि घटना के बाद मुसलमानों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने मंत्री नितेश राणे के उस बयान की भी निंदा की जिसमें दुकानदारों से हनुमान चालीसा पढ़वाने की अपील की गई थी। आजमी ने कहा कि इस बयान के खिलाफ सरकार को ज्ञापन सौंपा गया है और कार्रवाई की मांग की गई है।
