BiharBreaking News

कटिहार में भीषण सड़क हादसा, बारातियों से भरी स्कॉर्पियो की ट्रैक्टर से टक्कर – 8 की मौत, 2 घायल

बिहार के कटिहार ज़िले में सोमवार रात (5 मई 2025) एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें बारात जा रहे आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा पोठिया थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव में हनुमान मंदिर के पास हुआ, जहां स्कॉर्पियो वाहन मक्के से लदे खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

कोशकीपुर जा रही थी बारात, स्कॉर्पियो में 10 लोग सवार
सभी मृतक पूर्णिया ज़िले के बड़हरा कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत ढिबरा बाज़ार के रहने वाले थे। ये लोग कटिहार के कुर्सेला थाना क्षेत्र के कोशकीपुर गांव बारात में जा रहे थे। हादसे के वक्त स्कॉर्पियो में कुल 10 लोग सवार थे, जिसमें ड्राइवर भी शामिल था। हादसे का कारण मक्के का ढेर बताया जा रहा है, जिस पर स्कॉर्पियो चढ़ गई और सामने खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताई घटना की पूरी कहानी
पीछे से बाइक से आ रहे एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि सड़क पर मक्के का ढेर फैला हुआ था, जिस पर चढ़ते ही स्कॉर्पियो असंतुलित हो गई और सामने खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शी ने यह भी बताया कि इस गाड़ी में दूल्हा नहीं था, बल्कि केवल बाराती सवार थे। गांव से कुल पाँच गाड़ियाँ बारात के लिए रवाना हुई थीं।

घायल युवक GMCH रेफर, मौके पर पहुंची पुलिस
घायलों की पहचान उदय कुमार और अभिषेक कुमार के रूप में हुई है, जिनकी उम्र लगभग 25-26 वर्ष है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया के जीएमसीएच अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

शादी की खुशियों में पसरा मातम
इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है। जिस परिवार में खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस का कहना है कि मृतकों की शिनाख्त की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button