“तूने मेरे लिए क्या किया?” कहकर शराबी बेटे ने पिता को मौत के घाट उतारा!

सांगली जिले के तासगांव तालुका के कांबळेवाडी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दारू के नशे में एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 70 वर्षीय सुधाकर तुकाराम कांबळे के रूप में हुई है। इस मामले में मृतक की भतीजी सुनिता कांबळे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी बेटे संतोष सुधाकर कांबळे (उम्र 45 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।
घर में रोज होते थे झगड़े, दारू बना काल
मिली जानकारी के अनुसार, सुधाकर और उनका बेटा संतोष दोनों मजदूरी कर अपना पेट पालते थे, लेकिन दोनों को शराब की लत लग चुकी थी। शराब की वजह से घर में आए दिन झगड़े और मारपीट होती थी। आरोपी संतोष अक्सर शराब पीकर अपने वृद्ध पिता को पीटता था। रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने कई बार झगड़ा शांत कराने की कोशिश की, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ।
बताया जा रहा है कि संतोष की शादी भी हो चुकी है, लेकिन उसके व्यवहार से परेशान होकर उसकी पत्नी पिछले छह सालों से मायके में रह रही है।
शराब के नशे में की बेरहमी से पिटाई
घटना रविवार की है जब संतोष शराब पीकर घर लौटा और पिता से झगड़ा करने लगा। उसने गुस्से में कहा, “तूने मेरे लिए क्या किया है, तेरे कारण मैं भिखारी बन गया हूं।” इसके बाद उसने अपने पिता को लात-घूंसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। वृद्ध होने के कारण सुधाकर प्रतिरोध नहीं कर सके। मारपीट के डर से संतोष की मां घर से बाहर चली गई।
संतोष ने दोपहर 4 बजे तक अपने पिता को पीटा। इस दौरान सुधाकर के सिर, छाती और आंखों पर गंभीर चोटें आईं और वे वहीं जमीन पर गिर पड़े।
सुबह पता चला मौत का सच
मारपीट के बाद पत्नी ने सुधाकर को दो केले खाने को दिए। उन्होंने केले तो खाए लेकिन उठे नहीं और जमीन पर ही पड़े रहे। रात को जब उन्हें खाना देने की कोशिश की गई तो उन्होंने मना कर दिया। अगली सुबह जब परिवार ने उन्हें जगाने की कोशिश की तो वे मृत अवस्था में पाए गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने पुष्टि की कि उनकी मौत भारी मारपीट के कारण हुई है।
गांव में पसरा मातम, शराब की लत का खौफनाक अंजाम
इस घटना के बाद कांबळेवाडी गांव में शोक की लहर है। यह मामला शराब की लत और घरेलू हिंसा के भयानक परिणाम का जीता-जागता उदाहरण है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
