BiharBreaking NewsCrime News

दरिंदगी की हदें पार: युवती की चाकू से गोदकर हत्या, फिर गैस से जला दिया शव, आरोपी आशिक फरार

बिहार की राजधानी पटना से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एसके पुरी थाना क्षेत्र के आनंदपुरी इलाके में 28 वर्षीय युवती संजना कुमारी की उसके ही फ्लैट में बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि युवती के करीबी दोस्त सूरज कुमार ने पहले संजना की गर्दन काटी, फिर पेट और पीठ पर कई बार चाकू से वार किया और बाद में गैस सिलेंडर लीक कर जिंदा जला दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

सरकारी नौकरी लगने वाली थी संजना, परिवार में थी खुशी का माहौल

मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के सकरा की रहने वाली संजना कुमारी आनंदपुरी स्थित एक मकान के दूसरे फ्लोर पर अकेली रहती थीं। उन्होंने एमडीडीएम कॉलेज से बीबीए किया था और हाल ही में बिहार सीजीएल में उनका चयन हुआ था। अगले महीने उनकी सरकारी नौकरी में जॉइनिंग थी। उनके पिता मिथिलेश कुमार किसान हैं और छोटा भाई राजगीर में दारोगा की ट्रेनिंग कर रहा है।

दोस्ती में दरार बनी हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार, संजना और सूरज के बीच पहले से दोस्ती थी। गुरुवार दोपहर 1 बजे सूरज एक बैग के साथ संजना के फ्लैट पहुंचा। किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ, जो इतना बढ़ा कि सूरज ने रसोई से चाकू उठाकर संजना पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इसके बाद गैस सिलेंडर का पाइप काटकर कमरे में आग लगा दी। आरोपी वहां से संजना का मोबाइल, लैपटॉप और चाबी लेकर फरार हो गया।

घटना का खुलासा आया के पहुंचने पर हुआ

घटना का पता तब चला जब फ्लैट पर काम करने वाली आया पहुंची और जले हुए शव को देखकर शोर मचाया। मौके पर भीड़ इकट्ठा हुई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज में सूरज को मौके से भागते देखा गया है।

पुलिस का दावा: आरोपी की तलाश जारी

पुलिस को सूरज और संजना के मोबाइल की आखिरी लोकेशन पूर्वी चंपारण जिले में मिली है। इसके आधार पर पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी है। घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने कई अहम सबूत जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या का कारण व्यक्तिगत विवाद माना जा रहा है, लेकिन अन्य एंगल से भी जांच की जा रही है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

संजना के परिवार के अनुसार, वह बहुत होनहार और जिम्मेदार थी। उनके चयन से परिवार खुश था, लेकिन इस घटना ने सब कुछ उजाड़ दिया। संजना के भाई ने बताया कि जब वह घर पहुंचा तो बहन की जली हुई लाश देख बेसुध हो गया।

पुलिस की अपील

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को सूरज कुमार या इस वारदात से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने आरोपी को जल्द पकड़ने का भरोसा दिलाया है।

यह वारदात न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि समाज में रिश्तों की बदलती और खतरनाक परिभाषा को भी उजागर करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button