पुणे में पत्नी और उसके आशिक की प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने की आत्महत्या, दोनों के खिलाफ मामला दर्ज

पुणे के समर्थनगर पुलिस थाने की सीमा में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने पत्नी और उसके पुरुष मित्र द्वारा दी जा रही मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने पत्नी और उसके दोस्त के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
मृतक युवक का नाम अतुल मारुति कदम (39 वर्ष, निवासी बालाजी कॉम्प्लेक्स, पिंपरी चौक, नाना पेठ, पुणे) है। उसके खिलाफ पत्नी सोनाली अतुल कदम (31 वर्ष, निवासी साडेसतरानळी, हडपसर, पुणे) और उसका मित्र कृष्णा शिंदे (निवासी हडपसर, पुणे) पर मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, अतुल और सोनाली का विवाह 2015 में हुआ था। शादी के बाद से ही उनके बीच पारिवारिक कारणों को लेकर अक्सर विवाद होते रहते थे। बाद में अतुल को पता चला कि उसकी पत्नी सोनाली और कृष्णा शिंदे के बीच घनिष्ठ संबंध हैं, जिससे उनके आपसी झगड़े और बढ़ गए। कुछ समय बाद सोनाली मायके चली गई, लेकिन इसके बाद भी उसने और उसके मित्र ने अतुल को मानसिक रूप से परेशान करना जारी रखा।
शिकायत में कहा गया है कि सोनाली और कृष्णा शिंदे लगातार अतुल को फोन करके धमकाते थे, जिससे वह मानसिक तनाव में आ गया। लगातार हो रही प्रताड़ना से तंग आकर अतुल ने 15 जून को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अतुल की मां माधुरी मारुति कदम (61 वर्ष) ने समर्थनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
