साउथ फिल्मों के कॉमेडियन फिश वेंकट का निधन, किडनी ट्रांसप्लांट न हो पाने से गई जान

साउथ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर कॉमेडियन फिश वेंकट का शुक्रवार को निधन हो गया। लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारियों से जूझ रहे वेंकट ने एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। फैंस और इंडस्ट्री में उन्हें उनके असली नाम वेंकट राज की बजाय ‘फिश वेंकट’ के नाम से जाना जाता था।
वेंकट को कुछ दिन पहले ही गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर्स ने किडनी ट्रांसप्लांट की सिफारिश की थी, लेकिन लगभग 50 लाख रुपये की लागत वाले इस इलाज का खर्च उनके परिवार के लिए उठाना संभव नहीं हो पाया। तमाम कोशिशों के बावजूद शुक्रवार को उनकी किडनियों ने काम करना बंद कर दिया।
बेटी की अपील रह गई अधूरी
वेंकट की बेटी ने इलाज के लिए आर्थिक मदद की अपील भी की थी। उन्होंने बताया था कि उनके पिता की हालत गंभीर है और ICU में भर्ती हैं। लेकिन जब तक कोई मदद मिलती, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
टॉलीवुड में खास पहचान
हैदराबाद में जन्मे फिश वेंकट ने साल 2000 में फिल्म ‘खुशी’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। उनकी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और चेहरे के हावभाव उन्हें दर्शकों के बीच खास बनाते थे। ‘बनी’, ‘अधुर्स’, ‘धी’, और ‘मीरापाके’ जैसी फिल्मों में उन्होंने यादगार भूमिकाएं निभाईं।
हिंदी फिल्मों में भी दिखा चेहरा
भले ही हिंदी सिनेमा में उन्होंने छोटे किरदार किए हों, लेकिन दर्शक उन्हें उनके चेहरे से पहचानते हैं। हाल ही में उनकी अंतिम फिल्म ‘कॉफी विद अ किलर’ रिलीज हुई थी।
फिश वेंकट के निधन से साउथ इंडस्ट्री में शोक की लहर है। एक ऐसा कलाकार चला गया, जिसने हर आम किरदार को अपनी मौजूदगी से खास बना दिया।
ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और परिवार को इस कठिन घड़ी में संभलने की हिम्मत दे।
