धर्म के नाम पर गुंडागर्दी: कांवड़ियों ने CRPF जवान को बनाया निशाना!
मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर कांवड़ियों ने सीआरपीएफ जवान को पीटा, सात गिरफ्तार – चार नाबालिग शामिल

मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह कांवड़ियों और एक सीआरपीएफ जवान के बीच हुए विवाद ने उग्र रूप ले लिया, जिसमें कांवड़ियों ने जवान की सरेआम पिटाई कर दी। घटना स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर बुकिंग कार्यालय के पास हुई, जहां जवान अपने बेटे और एक साथी के साथ ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस पकड़ने आया था।
सीआरपीएफ जवान गौतम, जो मणिपुर में तैनात हैं, स्टेशन पर अपने पुत्र के साथ खड़े थे, तभी कुछ कांवड़ियों से किसी बात को लेकर बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और कांवड़ियों ने जवान को जमीन पर गिराकर लात-घूंसे बरसाए। वायरल वीडियो में जवान का बेटा अपने पिता को उठाता नजर आया, लेकिन फिर से उन पर हमला कर दिया गया।
रेलवे स्टेशन के अधीक्षक रविंद्र कुमार की पहल पर कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया, पर तब तक मारपीट करने वाले कांवड़िए स्टेशन से भाग चुके थे। वायरल वीडियो के आधार पर आरपीएफ और जीआरपी ने जांच शुरू की और सात कांवड़ियों को गिरफ्तार किया, जिनमें चार नाबालिग हैं।
बालिग आरोपियों की पहचान सत्यम, अभिषेक साहू (निवासी फतहां, कोतवाली शहर) और अभय तिवारी (निवासी कजरहवा पोखरा) के रूप में हुई है। सभी का चालान कर दिया गया है।
हालांकि विवाद का असली कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। स्टेशन पर टिकट लेने या गांजा मांगने को लेकर विवाद होने की चर्चा है।
इस घटना ने कांवड़ यात्रा की आड़ में फैल रही अराजकता और कथित धार्मिक आस्था के नाम पर बढ़ते अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
क्या यही धर्म है? क्या यही आस्था है? जब सुरक्षा बल भी नहीं बचे तो आम नागरिकों का क्या होगा?
