Breaking NewsUttar Pradesh

भंडारे में शामिल होने निकले थे, एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत

मथुरा के यमुना एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में ईको कार में सवार एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा उस समय हुआ जब कार चालक को नींद की झपकी आ गई और कार सामने चल रहे किसी भारी वाहन में जा भिड़ी।

यह हादसा रात करीब 3:30 बजे माइल स्टोन 140 के पास सराय सलवाहन क्षेत्र में हुआ। ईको कार सवार सभी लोग आगरा के बाह थाना क्षेत्र के निवासी थे और बटेश्वर मेले में भंडारा एवं अखंड रामायण का पाठ कराने जा रहे थे।

मृतकों में धर्मवीर, उनके बेटे रोहित और आर्यन, भांजे पारस उर्फ पार्थ, दलवीर और बेटे का मित्र दुष्यंत शामिल हैं। घायल महिलाओं में धर्मवीर की पत्नी सोनी और बेटी पायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

धर्मवीर के भाई राकेश सिंह के अनुसार, उनका परिवार पिछले आठ वर्षों से सावन के दूसरे सोमवार को बटेश्वर मेले में भंडारा कराता आ रहा था। इस वर्ष भी शनिवार को अखंड रामायण का पाठ शुरू होना था और सोमवार को भंडारा किया जाना था। लेकिन आयोजन से पहले ही परिवार पर यह कहर टूट पड़ा।

धर्मवीर के बेटे रोहित के दोस्त दुष्यंत भी भंडारे में मदद के लिए साथ जा रहे थे। बताया गया कि दोनों की दोस्ती रोहित की दुकान के पास स्थित पॉलिथीन फैक्ट्री के कारण हुई थी, जहां दुष्यंत मुनीम का कार्य करता था।

हादसे की सूचना मिलते ही डीएम और एसएसपी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

इस भीषण हादसे ने पूरे गांव और इलाके को शोक में डुबो दिया है। पोस्टमार्टम हाउस पर अपनों के शवों को देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतकों के परिजनों ने सरकार से मुआवज़े और न्याय की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button