Breaking NewsRajasthan

सरकारी प्राथमिक स्कूल की छत गिरी, 4 बच्चों की मौत, 30 से अधिक के दबे होने की आशंका

राजस्थान के झालावाड़ जिले से शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां पिपलोडी गांव स्थित एक सरकारी प्राथमिक स्कूल की इमारत का छत अचानक भरभरा कर गिर गया। हादसे में अब तक कम से कम 4 बच्चों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 30 से अधिक बच्चे मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 8:30 बजे हुआ, जब स्कूल में पढ़ाई चल रही थी। स्कूल की इमारत काफी पुरानी थी और बीते कुछ दिनों से इलाके में लगातार मूसलधार बारिश हो रही थी, जिससे दीवारें और छत नम हो गई थीं। हादसे के समय एक कक्षा में बच्चे पढ़ाई कर रहे थे, तभी अचानक छत गिर गई और बच्चे उसके नीचे दब गए।

गांव में मचा कोहराम, मौके पर भारी भीड़

छत गिरने की आवाज सुनते ही स्कूल और गांव में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, जबकि प्रशासन और पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। कुछ ही देर में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी जेसीबी मशीन और अन्य राहत उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

महिलाओं का रो-रो कर बुरा हाल

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और गांववाले स्कूल के बाहर जमा हो गए। बच्चों के माता-पिता और खासकर महिलाएं बदहवास हालत में वहां रोती-बिलखती नजर आईं। हादसे की भयावहता ने पूरे गांव को हिला कर रख दिया है।

प्रशासन ने बचाव कार्य तेज किया

घटनास्थल पर बचाव दल सक्रिय है और मलबे में दबे बच्चों को सुरक्षित निकालने के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है। चार बच्चों की मौत की पुष्टि हुई है, हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है।

इस हादसे ने स्कूल भवनों की जर्जर स्थिति और प्रशासन की लापरवाही को एक बार फिर उजागर कर दिया है। पूरे प्रदेश में इस दुर्घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button