पुणे की रात में नशे का नंगा नाच! हाईप्रोफाइल ड्रग पार्टी से उठा सियासी तूफान, एकनाथ खडसे के दामाद समेत 7 गिरफ्तार

पुणे: शहर के पॉश इलाके खराड़ी में रविवार तड़के एक स्टूडियो अपार्टमेंट में पुलिस ने कथित ‘ड्रग पार्टी’ पर छापा मारते हुए 7 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे के दामाद प्रांजल खेवळकर भी शामिल हैं। इस कार्रवाई के बाद सियासी गलियारों में हलचल मच गई है।
सूत्रों के अनुसार, इस पार्टी में एक महिला विधायक के पति और कुख्यात सट्टेबाज निखिल पोपटानी की भी मौजूदगी थी। क्राइम ब्रांच को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह छापा तड़के करीब 3:30 बजे मारा गया, जिसमें ड्रग्स, शराब और हुक्का बरामद किया गया।
पुलिस को क्या मिला?
डिप्टी कमिश्नर (क्राइम) निखिल पिंगले ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि मौके से
- 2.7 ग्राम कोकीन जैसा पदार्थ
- 70 ग्राम गांजा
- हुक्का पॉट व फ्लेवर
- बीयर व शराब की बोतलें
बरामद की गईं। सभी 7 आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है और 29 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है। सभी को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
गिरफ्तार लोगों के नाम:
- प्रांजल खेवळकर
- निखिल पोपतानी
- समीर सय्यद
- श्रीपद यादव
- सचिन भोम्बे
- ईशा सिंह
- प्राची शर्मा
राजनीति में उबाल
इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
एनसीपी (शरद पवार गुट) के नेता एकनाथ खडसे ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यह भी देखा जाना चाहिए कि कहीं यह कार्रवाई किसी राजनीतिक साजिश का हिस्सा तो नहीं।
गौरतलब है कि प्रांजल की पत्नी और खडसे की बेटी रोहिणी खडसे एनसीपी (एसपी) महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष हैं, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है।
शिवसेना (उद्धव गुट) की नेता सुषमा अंधारे ने सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यह कार्रवाई उन लोगों के लिए संदेश है जो सरकार के खिलाफ आवाज उठाते हैं।
फिलहाल पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
