Breaking NewsCrime NewsPune

पाखंडी ज्योतिषी अखिलेश राजगुरु गिरफ्तार, अकेली लड़कियों को बुलाकर करता था अश्लील हरकतें

पुणे के धनकवड़ी इलाके में एक ढोंगी और कथित ज्योतिषी अखिलेश लक्ष्मण राजगुरु (उम्र 45) को एक लॉ कॉलेज की छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में सहकारनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसका ज्योतिष कार्यालय “श्री स्वामी समर्थ ज्योतिष ऑफिस” शंकर महाराज मठ के पास, राजधानी अपार्टमेंट में स्थित है।

क्या है पूरा मामला:

12 जुलाई 2025 को एक युवती, जो लॉ कॉलेज में पढ़ती है, अपनी एक दोस्त के कहने पर अपने भाई की कुंडली लेकर राजगुरु के पास गई थी। उसने युवती को बताया कि उसके भाई को एक विशेष जड़ी-बूटी देनी है और शनिवार को फिर आने को कहा। इसके बाद आरोपी ने युवती को व्हाट्सएप पर मैसेज कर कहा कि “तुम्हारी वस्तु आ गई है, अकेले आना।” जब युवती ने अपनी ममेरी बहन के साथ आने की बात कही तो आरोपी ने बहन को मंदिर भेजने की बात कहते हुए फिर अकेले आने का दबाव डाला।

अश्लील हरकत का प्रयास:

19 जुलाई को युवती अकेले आरोपी के कार्यालय पहुंची। वहां कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। राजगुरु ने उसे परदे के पीछे बुलाकर कहा कि उसके सिर पर वस्तु रखकर मंत्र बोलने होंगे। युवती को संदेह हुआ और वह जाने लगी, तभी आरोपी ने उसे जबरन गले लगाया और किस करने की कोशिश की। युवती ने तुरंत खुद को छुड़ाकर वहां से भाग निकली और अपने ममेरे भाई को फोन कर पूरी घटना बताई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई:

सूचना मिलते ही सहकारनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के कार्यालय पर छापा मारा और उसे गिरफ्तार किया। जांच में पुलिस को संदेह है कि आरोपी ने ऐसी हरकतें पहले भी अन्य लड़कियों के साथ की होंगी, लेकिन डर के कारण कोई सामने नहीं आया। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी और के साथ भी ऐसा हुआ है तो वे आगे आएं और शिकायत दर्ज करें।

अखिलेश राजगुरु को रविवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button