वक्फ बोर्ड की सुनवाई में हंगामा, पुणे के सलीम मुल्ला ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

औरंगाबाद : महाराष्ट्र राज्य वक्फ बोर्ड की हर महीने नियमित सुनवाई और बैठक आयोजित करने का निर्णय चेयरमैन समीर काज़ी ने लिया है। लेकिन इस पहल की पहली ही बैठक के दौरान परिसर में हुए हंगामे से माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके चलते पुलिस बंदोबस्त भी बढ़ाना पड़ा।
आज सुबह से हज हाउस में राज्य भर के वक्फ मामलों की सुनवाई चल रही थी। दोपहर बाद जब सुनवाई जारी थी, तभी पुणे से एक मामले में महाराष्ट्र वक्फ लिबरेशन एंड प्रोटेक्शन टास्क फोर्स के संस्थापक अध्यक्ष सलीम मुल्ला सुनवाई में उपस्थित होने पहुंचे। जैसे ही वह प्रवेशद्वार से अंदर जाने लगे, कुछ अज्ञात लोगों से उनका विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ा कि किसी ने उनके चेहरे पर थप्पड़ मार दिया, जिससे उनकी नाक से खून निकल आया। मौके पर तैनात पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर मामला शांत किया। इस घटना के बाद परिसर में हलचल मच गई। चेयरमैन समीर काज़ी ने सलीम मुल्ला को भीतर बुलाकर घटना की पूरी जानकारी ली।
इसके बाद सलीम मुल्ला ने बेगमपुरा पुलिस थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। सूत्रों के अनुसार वक्फ बोर्ड भी हमलावरों पर कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है।
गौरतलब है कि वक्फ बोर्ड समय-समय पर विवादों में घिरा रहा है, लेकिन वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा के लिए लगातार काम करने वाले सलीम मुल्ला पर हुई इस प्रकार की मारपीट की घटना को लेकर समाज में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
अब सभी की निगाहें कल होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस पर हैं, जिसमें चेयरमैन समीर काज़ी इस बैठक और विवाद को लेकर अपना पक्ष रखेंगे।
