जलगांव में देह व्यापार का भंडाफोड़, दंपति समेत तीन गिरफ्तार, पश्चिम बंगाल की युवती को छुड़ाया

जलगांव शहर के न्यू स्टेट बैंक कॉलोनी इलाके में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक किराए के मकान में चल रहे देह व्यापार का पुलिस ने पर्दाफाश किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक दंपति सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि पश्चिम बंगाल की एक युवती को मुक्त कराया गया है। इस संबंध में रामानंद नगर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
रामानंद नगर पुलिस थाने के निरीक्षक राजेंद्र गुंजाल को गुप्त सूचना मिली थी कि न्यू स्टेट बैंक कॉलोनी में स्थित एक किराए के मकान में देह व्यापार चल रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस उपनिरीक्षक सचिन रणशेवरे के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई और एक नकली ग्राहक भेजा गया।
नकली ग्राहक से पुष्टि मिलने के बाद उसने पुलिस को मिस कॉल देकर इशारा किया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत उस दो मंजिला घर पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान घर मालिक दिनेश संजय चौधरी और उसकी पत्नी भारती चौधरी को गिरफ्तार किया गया। इनके साथ तीन अन्य युवकों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी दंपति ने पश्चिम बंगाल की एक युवती को अधिक पैसों का लालच देकर जलगांव बुलाया और उससे देह व्यापार करवाया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
