Breaking NewsCrime NewsDelhiEntertainment

दिल्ली में बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई की हत्या, पार्किंग विवाद बना खून-खराबे का कारण

दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई आसिफ कुरैशी की हत्या कर दी गई। यह वारदात गुरुवार देर रात निजामुद्दीन के जंगपुरा भोगल बाजार लेन में पार्किंग विवाद के चलते हुई। पुलिस ने घटना में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात आसिफ कुरैशी अपने घर लौट रहे थे, तभी उन्होंने देखा कि पड़ोसी की स्कूटी उनके घर के सामने खड़ी है। आसिफ ने पड़ोसियों से स्कूटी हटाने के लिए कहा, लेकिन बात मानने के बजाय आरोपियों ने उनसे बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और आरोपियों ने आसिफ पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल आसिफ को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पत्नी, सैनाज कुरैशी ने बताया कि पार्किंग विवाद को लेकर आरोपियों का आसिफ से पहले भी झगड़ा हो चुका था। वहीं, उनके रिश्तेदार जावेद ने आरोप लगाया कि यह हत्या पूर्वनियोजित थी। जावेद के अनुसार, पहले भी दो बार जानबूझकर आसिफ से विवाद किया गया और उन पर हमले की कोशिश की गई थी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि इलाके में इस घटना से गुस्सा और भय का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button