औरंगाबाद में सनसनी: गद्दे में लिपटा मिला 20 वर्षीय युवती का शव, सौतेले माता-पिता हिरासत में

औरंगाबाद/प्रतिनिधि
औरंगाबाद के वाळूज महानगर क्षेत्र में 20 वर्षीय युवती का शव गद्दे में लिपटा हुआ मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घर के सामान के साथ शव को ठिकाने लगाने या छिपाकर ले जाने की कोशिश सौतेले माता-पिता द्वारा की जा रही थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनका प्रयास नाकाम हो गया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, वाळूज इलाके से एक कार में घरेलू सामान के साथ एक गद्दा लपेटकर ले जाया जा रहा था। गाड़ी और उसमें हो रही गतिविधियों पर पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान जब गद्दा खोला गया तो उसमें 20 वर्षीय युवती का शव मिला।
पुलिस ने तुरंत कार जब्त कर ली और पूछताछ शुरू की। युवती की सौतेली मां ने दावा किया कि युवती के प्रेम संबंध थे और उसी के चलते उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका कहना था कि वे शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव ले जा रहे थे।
हालांकि, बिना पुलिस को सूचना दिए और कानूनी प्रक्रिया पूरी किए इस तरह शव ले जाने से पुलिस का संदेह गहरा गया। इसके बाद सौतेली मां और पिता को हिरासत में ले लिया गया।
वाळूज एमआईडीसी पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद के सरकारी अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।