जालना: आधी रात 2 बजे युवती की मौत, तड़के 4 बजे कर दिया अंतिम संस्कार, पिता और भाई पुलिस हिरासत में

जालना तालुका के वंजार उम्रद गांव में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान अर्पिता रावसाहेब वाघ के रूप में हुई है। परिवार ने दावा किया कि अर्पिता की मौत रात करीब 2 बजे हुई और सुबह 4 बजे उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पुलिस को सूचना मिलने पर जालना तालुका पुलिस और स्थानीय अपराध शाखा की टीम स्मशानभूमि पहुंची, जहां मृतका का शव जल रहा था। पूछताछ में परिवार ने बताया कि अर्पिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी।
पुलिस को बिना सूचना दिए और कानूनी प्रक्रिया पूरी किए बिना अंतिम संस्कार करने पर संदेह गहराया। इस मामले में मृतका के पिता और दो भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जालना तालुका पुलिस थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। साथ ही, बिना सूचना मृतका का अंतिम संस्कार करने पर अलग से केस दर्ज करने की प्रक्रिया भी चल रही है। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार बंसल ने इसकी पुष्टि की है।
