भीषण सड़क हादसा: देवदर्शन से लौट रही पिकअप और ट्रेलर की टक्कर, 10 की मौत, दर्जन भर घायल

बुधवार के दिन दौसा (राजस्थान) में एक बड़ा हादसा लेकर आया। तड़के सुबह करीब 4:30 बजे देवदर्शन कर लौट रही एक पिकअप गाड़ी और ट्रेलर में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 10 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर चारों ओर खून फैला था और मृतदेह बिखरे पड़े थे। यह भयावह दृश्य देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गए। पुलिस के मुताबिक, मृतकों में 7 छोटे बच्चे और 3 महिलाएं शामिल हैं। सभी मृतक उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और खाटूश्याम मंदिर में दर्शन के बाद घर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, दौसा शहर के पास यह हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार ट्रेलर ने पिकअप गाड़ी को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के कारण पिकअप गाड़ी पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे के सही कारण का अभी पता नहीं चल सका है, लेकिन प्राथमिक जांच में ट्रेलर और पिकअप की टक्कर को ही वजह माना जा रहा है।
घायलों में 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें जयपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है और हादसे की गहन जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक दुर्घटना की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर है, जबकि मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
