‘आई लव यू’ कहने की खौफनाक परिणति: पुणे में काका और उसके दोस्त ने बेरहमी से देवर की पीट-पीटकर हत्या

पुणे शहर में रिश्तों में दरार और गुस्से से उपजे एक हैरान करने वाले मामले ने सभी को चौंका दिया है। चंदननगर इलाके के आंबेडकर वसाहत में एक युवक की हत्या इसलिए कर दी गई क्योंकि उसने अपनी काकी (चाचा की पत्नी) से ‘आई लव यू’ कह दिया था। यह वारदात 12 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे हुई।
मृतक की पहचान साईनाथ उर्फ़ ‘खलीबली’ दत्तात्रय जानराव (35) के रूप में हुई है, जो आंबेडकर वसाहत में रहता था और शराब का आदी था। घटना की रात साईनाथ ने अपनी काकी से जाकर ‘आई लव यू’ कहा। यह बात जब काका के बेटे सोन्या उर्फ आदित्य संतोष वाल्हेकर (21) को पता चली, तो वह गुस्से से भर गया। उसने अपने दोस्त समर्थ उर्फ पप्पू करण शर्मा (22) के साथ मिलकर साईनाथ पर हमला कर दिया।
दोनों ने हॉकी स्टिक और लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई की, जिससे साईनाथ गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उसी हालत में छोड़कर दोनों वहां से चले गए। सिर पर गहरी चोट लगने के कारण साईनाथ की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद, आरोपी सोन्या ने खुद पुलिस को फोन कर जानकारी दी कि एक व्यक्ति सड़क पर पड़ा है। पुलिस को शुरू में यह बेवारिस लाश का मामला लगा, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मारपीट का खुलासा होने पर हत्या का मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान सोन्या और उसके दोस्त ने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। चंदननगर पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
