महाराष्ट्र में अगले 24 घंटे भारी बारिश का खतरा, 8 जिलों में रेड अलर्ट – प्रशासन ने घर से बाहर न निकलने की दी चेतावनी

मुंबई: महाराष्ट्र के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने कोल्हापुर घाट और गढ़चिरोली सहित कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
मराठवाड़ा और विदर्भ क्षेत्र के लोगों को कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन अब कोकण और घाटमाथा क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर में भी रेड अलर्ट घोषित किया गया है। मुंबई में जलभराव की स्थिति को देखते हुए आज शहर और उपनगरों के सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
कहां-कहां अलर्ट?
- रेड अलर्ट (19 अगस्त): पालघर, ठाणे, मुंबई, रायगढ़, नाशिक घाट, पुणे घाट, सातारा घाट
- ऑरेंज अलर्ट (19 अगस्त): सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर घाट, गढ़चिरोली
- ऑरेंज अलर्ट (20 अगस्त): पालघर, ठाणे, मुंबई, रायगढ़, नाशिक घाट, पुणे घाट, कोल्हापुर घाट, सातारा घाट
- ऑरेंज अलर्ट (21 अगस्त): पुणे घाट
- येलो अलर्ट (19 अगस्त): सिंधुदुर्ग, धुले, नंदुरबार, जळगांव, नाशिक, अहमदनगर, पुणे शहर, कोल्हापुर, गढ़चिरोली और मराठवाड़ा-विदर्भ के कई जिले
- येलो अलर्ट (20 अगस्त): सिंधुदुर्ग, धुले, नंदुरबार, नाशिक, मराठवाड़ा और विदर्भ के अधिकांश जिले
- येलो अलर्ट (21 अगस्त): पालघर, ठाणे, मुंबई, रायगढ़, नाशिक घाट, सातारा घाट, पुणे शहर, सातारा शहर
- येलो अलर्ट (22 अगस्त): पुणे घाटमाथा
मुंबई में हालात
पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश ने मुंबई की रफ्तार थाम दी है। कई निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे सड़क यातायात बाधित हुआ। लोकल ट्रेनों की रफ्तार भी प्रभावित रही। इसी वजह से मुंबई, ठाणे, पालघर, नवी मुंबई, रायगढ़, मीरा-भाईंदर, पनवेल और रत्नागिरी में स्कूल बंद रखे गए हैं।
नदियां उफान पर, धरण के दरवाजे खुले
नांदेड़, वाशिम, खेड़, संगमेश्वर, चिपळूण और नागपुर के कई गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी, जहां से लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। पैनगंगा और जगबुड़ी नदी खतरे के निशान पर बह रही हैं, जिससे नदी किनारे बसे गांवों को सतर्कता का इशारा दिया गया है।
सातारा जिले में बारिश का जोर बढ़ने के बाद कोयना धरण के दरवाजे खोले गए, जिसके चलते आसपास के गांवों को अलर्ट जारी किया गया है।
👉 महाराष्ट्र में अगले कुछ दिनों तक बारिश का कहर जारी रहने की संभावना है और प्रशासन ने लोगों को आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
