भिवंडी जंगल में सिर कटी लाश की गुत्थी सुलझी, मालिक द्वारा अनैसर्गिक संबंध की मांग पर की गई थी हत्या

ठाणे जिले के भिवंडी स्थित कारिवलवी गांव के जंगल में मिली सिर कटी लाश की सनसनीखेज गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली है। यह हत्या अनैसर्गिक संबंध की मांग को लेकर हुई थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी काजुकुमार राम (21 वर्ष) को उत्तर प्रदेश के जौनपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक फरहत शेख (52 वर्ष) भिवंडी का रहने वाला था और काजुकुमार उसके यहां काम करता था। काजुकुमार ने पुलिस को बताया कि फरहत शेख लंबे समय से उससे अनैसर्गिक संबंध बनाने की जबरदस्ती कर रहा था और इनकार करने पर उसे गालियां देता था। इससे तंग आकर काजुकुमार ने उसकी हत्या की साजिश रची।
हत्या के दिन उसने फरहत शेख को बहाने से जंगल में बुलाया और वहीं उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने फरहत का सिर काटा और पहचान छिपाने के लिए उसके मोबाइल से खुद के मोबाइल पर फिरौती का मैसेज भेजा ताकि यह मामला अपहरण जैसा लगे।
शेख के घर न लौटने पर परिजनों ने पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान उसकी बाइक भिवंडी के कारिवलवी गांव के श्मशान के पास मिली, जिसके बाद आसपास के इलाके में तलाशी शुरू की गई और जंगल में उसका सिर कटा शव मिला।
पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पता चला कि शेख आखिरी बार बाइक से जाता दिखा था और एक व्यक्ति उसका पीछा कर रहा था, जिसकी पहचान काजुकुमार के रूप में हुई। लोकेशन ट्रैकिंग से पता चला कि वह उत्तर प्रदेश के जौनपुर भाग गया है। इसके बाद क्राइम ब्रांच की एक टीम ने जौनपुर जाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
हत्या की वजह और आरोपी के इकबालिया बयान से यह साफ है कि यह मामला यौन उत्पीड़न से उपजे आक्रोश का नतीजा था। फिलहाल आरोपी को रिमांड पर लेकर आगे की जांच जारी है।
