पुणे: पिंपरी-चिंचवड़ में जिम ट्रेनर युवती ने युवक की हत्या की, जमीन विवाद में दंपति का दिनदहाड़े कत्ल

पुणे की औद्योगिक नगरी पिंपरी-चिंचवड़ से एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। यहां 22 वर्षीय जिम ट्रेनर युवती प्रांजल तावरे ने अपने दोस्त यश पाटोले के साथ मिलकर 35 वर्षीय गोपीनाथ उर्फ लल्ला वर्पे की हत्या कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक युवक युवती को लगातार परेशान कर रहा था, जिसके चलते यह कदम उठाया गया।
घटना दिघी पुलिस थाना क्षेत्र के एक प्रोटीन सप्लीमेंट की दुकान में हुई, जहां आरोपियों ने लोहे की रॉड से गोपीनाथ के सिर पर वार कर दिया। हत्या के बाद दोनों ने दुकान का शटर बंद किया और सीधे पुलिस स्टेशन पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के मुताबिक, दुकान से बाहर बहते खून के कारण वारदात का खुलासा हुआ।
इसी दिन, तुळजापुर-सोलापुर हाईवे के करजखेडा गांव में जमीन विवाद के चलते एक और दिल दहला देने वाली घटना घटी। यहां सहदेव पवार और उनकी पत्नी प्रियांका पवार की उनके ही रिश्तेदार—बाप-बेटे ने मिलकर हत्या कर दी। पहले आरोपियों ने दंपति को कार से जोरदार टक्कर मारी, फिर कोयते से वार कर मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
