जालना: चॉकलेट का लालच देकर नाबालिग बच्ची से छेड़छाड़ का आरोप, आरोपी तीन दिन की पुलिस हिरासत में

जालना/कादरी हुसैन
जालना शहर के सुंदर नगर स्थित राबिया मस्जिद परिसर में रविवार शाम एक आठ से नौ वर्षीय बच्ची के साथ चॉकलेट का लालच देकर छेड़छाड़ किए जाने का कथित मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिकों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
सूचना मिलते ही चंदनझिरा पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक किरण बिडवे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी शेख सलीम शेख नजीर को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ इससे पहले भी सदर बाजार पुलिस थाने में पॉक्सो अधिनियम के तहत तीन मामले दर्ज हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
