लोणार में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह ठप, चौराहे पर घंटों लगा रहा जाम, नागरिकों का फूटा गुस्सा, पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता पर उठे सवाल
प्रतिनिधि: फिरदोस खान पठान

लोणार: शहर में मंगलवार को ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। शहर के मध्य स्थित बस स्टैंड चौक पर दोपहर के समय भारी जाम लग गया, जिससे घंटों तक वाहन रेंगते रहे। खास बात यह रही कि इस पूरे समय ट्रैफिक नियंत्रण के लिए कोई भी पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद नहीं था।
दोपहर में एक ही समय पर बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया और मालवाहक ट्रक इस चौराहे पर फंस गए, जिससे सड़क पर चक्काजाम की स्थिति बन गई। ट्रैफिक व्यवस्था की बदहाली से वाहन चालक परेशान हो गए और नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नागरिकों में रोष, पुलिस पर लगाए निष्क्रियता के आरोप
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शहर में ट्रैफिक नियंत्रण के नाम पर कोई व्यवस्था नहीं है। केवल कभी-कभार चालान काटकर पुलिस अपनी जिम्मेदारी पूरी समझ लेती है, जबकि ज़मीनी स्तर पर कोई स्थायी और असरदार उपाय नहीं किए जा रहे।
भाजपा का बयान, ट्रैफिक के लिए स्थायी व्यवस्था हो
इस संबंध में भाजपा शहर अध्यक्ष शुभम बनमेरु ने मांग की है कि ट्रैफिक नियंत्रण के लिए उचित टीमें नियुक्त की जाएं और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू करने के लिए ठोस उपाय किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में यह समस्या और गंभीर हो सकती है।
फिलहाल, लोणार की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है और प्रशासन की ओर से तत्काल और सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है।
