उप प्रादेशिक परिवहन अधिकारी चंद्रमोहन चिंतल ने दिखाई सतर्कता, स्थानीय नागरिकों की मदद से सड़क पर गिरे पोल को हटाकर रोका बड़ा हादसा

जालना/कादरी हुसैन
घनसावंगी से जालना की ओर आते समय उप प्रादेशिक परिवहन अधिकारी चंद्रमोहन चिंतल ने सड़क पर एक खतरनाक स्थिति में झुका हुआ विद्युत पोल देखा, जो गाडे-सावरगांव के पास मुख्य सड़क पर गिरा हुआ था। यह मार्ग मुख्यतः दोपहिया वाहनों की आवाजाही के लिए उपयोग में आता है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।

स्थिति की गंभीरता समझते हुए चंद्रमोहन चिंतल ने तत्काल वाहन चालक संतोष थोरात और स्थानीय नागरिकों की मदद से वह पोल स्वयं उठाकर सड़क के किनारे सुरक्षित रूप से हटा दिया। उनकी इस तत्परता से संभावित सड़क दुर्घटना टल गई और कई लोगों की जान बच सकती थी।
चंद्रमोहन चिंतल ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि—
“यदि सड़क पर कोई लोहे का पोल, बोर्ड या अवरोध इस तरह से दिखे जिससे यातायात में बाधा या दुर्घटना का खतरा उत्पन्न हो, तो तुरंत उप प्रादेशिक परिवहन अधिकारी कार्यालय, पुलिस विभाग या लोकनिर्माण विभाग (PWD) को इसकी सूचना दें। प्रशासन या स्थानीय नागरिकों की मदद से ऐसे अवरोधों को तुरंत हटाया जाए ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।”
उन्होंने यह भी कहा कि हर व्यक्ति की छोटी-सी सतर्कता और सामाजिक जिम्मेदारी किसी की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
