सऊदी अरब में बड़ा हादसा: मक्का से मदीना जा रही बस और डीज़ल टैंकर की टक्कर, 43 भारतीय उमराह यात्रियों की मौत

खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
सऊदी अरब से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। मक्का से मदीना जा रही उमराह यात्रियों की बस का डीज़ल टैंकर से भीषण दुर्घटना हो गई, जिसमें 43 भारतीय यात्रियों की मौत हो गई है। यह हादसा भारतीय समयानुसार रात करीब 1:30 बजे मुफ्रीहाट स्टेशन के पास हुआ।
बस और डीज़ल टैंकर की टक्कर के बाद टैंकर में मौजूद डीज़ल ने आग पकड़ ली, जिसके बाद जोरदार विस्फोट हुआ। इस भयावह आग में बस सवार यात्रियों की जलकर मौत हो गई। मृतकों में से कई यात्री तेलंगाना के हैदराबाद शहर के निवासी बताए जा रहे हैं।
हादसा इतना भयंकर था कि कई यात्रियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका नज़दीकी अस्पताल में इलाज जारी है। घायलों में कई लोग बुरी तरह झुलस गए हैं, जिन्हें बचाने के लिए डॉक्टरों की टीम लगातार प्रयास कर रही है।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन दल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। आग पर काबू पाने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम तेज़ी से किया गया।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव और पुलिस महानिदेशक बी. शिवाधर रेड्डी को तुरंत विस्तृत रिपोर्ट जुटाने के निर्देश दिए हैं। तेलंगाना सरकार विदेश मंत्रालय और सऊदी अरब में भारतीय दूतावास के साथ मिलकर पीड़ित परिवारों की मदद कर रही है।
पीड़ित परिवारों को जानकारी और सहायता देने के लिए तेलंगाना सचिवालय में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। सरकार ने दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं—
7997959754, 9912919545
इन नंबरों पर संपर्क कर परिजन जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
भारतीय वाणिज्य दूतावास की हेल्पलाइन
दुर्घटना के बाद भारतीय वाणिज्य दूतावास ने 24×7 कंट्रोल रूम सक्रिय किया है। दूतावास ने टोल-फ़्री नंबर जारी किया है—
8002440003
प्रशासन मृतकों और घायलों की पहचान व विस्तृत जानकारी जुटाने में लगा है।
भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि रियाध स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दाह में वाणिज्य दूतावास पीड़ित परिवारों व घायलों की हर संभव सहायता कर रहे हैं। जयशंकर ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।
