Breaking NewsJalna

जालना शहर महानगरपालिका ने अवैध नल कनेक्शन धारकों के लिए विशेष छूट योजना की घोषणा

जालना/कादरी हुसैन

जालना शहर में अवैध नल कनेक्शन रखने वाले नागरिकों के लिए जालना शहर महानगरपालिका ने राहत भरी घोषणा की है। जिल्हाधिकारी एवं आयुक्त, मा. आशिमा मित्तल, भा.प्र.से. द्वारा मंजूर इस योजना के तहत अवैध नल कनेक्शन को नियमित कराने हेतु वसूले जाने वाले शुल्क ₹10,000/- को घटाकर ₹7,500/- किया गया है। यह विशेष छूट योजना 21 नवंबर 2025 से 20 दिसंबर 2025 तक लागू रहेगी।

महानगरपालिका द्वारा मनपा क्षेत्र में सभी अवैध नल कनेक्शनों का सर्वेक्षण पहले ही पूरा किया जा चुका है। सर्वेक्षण के आधार पर जलापूर्ति विभाग ने संबंधित नागरिकों को नल कनेक्शन नियमित करने हेतु मूल रूप से ₹10,000/- शुल्क भरने के निर्देश दिए थे।

13 सितंबर 2025 को आयोजित लोक अदालत में मनपा ने एकदिवसीय विशेष छूट देते हुए ₹10,000/- शुल्क घटाकर ₹7,500/- कर दिया था। उस दिन बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित नहीं हो सके थे, जिसके कारण शेष नागरिकों ने पुनः छूट की मांग मनपा कार्यालय में की थी।

इस मांग के आधार पर जिल्हाधिकारी एवं आयुक्त ने नागरिकों को राहत देते हुए इस महत्वपूर्ण निर्णय को स्वीकृति दी। अब अवैध नल धारक 21 नवंबर से 20 दिसंबर 2025 तक ₹7,500/- शुल्क भरकर अपने नल कनेक्शन नियमित कर सकते हैं।

महानगरपालिका के जलापूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया कि इस विशेष छूट अवधि में शुल्क भरने वाले नागरिकों पर कोई अतिरिक्त दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी। वहीं, 20 दिसंबर के बाद यह छूट समाप्त हो जाएगी और शुल्क पुनः ₹10,000/- लागू होगा।

जालना शहर महानगरपालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष छूट योजना का लाभ अवश्य उठाएँ और अपने नल कनेक्शन नियमित कर लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button