Breaking NewsJalna

राजनी गांव के किसान दामोदर जाधव ने कर्ज़ और फसल बर्बादी के भारी दबाव में की आत्महत्या; परिवार शोकाकुल, शासन से मदद की मांग तेज

जालना/कादरी हुसैन

घनसावंगी तहसील के राजनी गांव में एक और किसान की दर्दनाक आत्महत्या से क्षेत्र में गहरी शोक की लहर है। मिली जानकारी के अनुसार, किसान दामोदर जाधव (दामा जाधव) ने बढ़ते कर्ज़, बार-बार की बैंक वसूली कार्रवाई और लगातार खराब हो रही फसलों से मानसिक तनाव में आकर ज़हर पी लिया था। जालना जिला सामान्य अस्पताल में उपचार के दौरान शनिवार सुबह उनका निधन हो गया।

दो दिन पहले खेत में ज़हर सेवन करने के बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल जालना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया था। चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी स्थिति गंभीर बनी रही और अंततः आज सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल अस्पताल पहुंचा, पंचनामा पूरा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। आगे की जांच जारी है।

परिवार के अनुसार, दामोदर जाधव पर महाराष्ट्र ग्रामीण बैंक और जिला मध्यवर्ती बैंक का कर्ज था। बैंक अधिकारियों द्वारा की जा रही लगातार वसूली कार्रवाई से वे गहरे अवसाद में चले गए थे। परिजनों का कहना है कि छह महीने तक लगातार हुई बारिश, ओला-बाढ़ जैसी परिस्थितियों और खेतों में कीचड़ भरे हालात के कारण फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई थी। भारी खर्च के बावजूद उत्पादन न होने से कर्ज़ का बोझ और बढ़ गया, जिससे वे टूट गए।

गांव के किसानों और स्थानीय नागरिकों ने शासन से पीड़ित परिवार को तुरंत आर्थिक सहायता और कर्ज़माफी जैसे उपाय लागू करने की मांग की है, ताकि ऐसे हादसे दोबारा न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button